कुंभ से पहले पंतद्वीप के विकास कार्य पूरे करने के निर्देश

कुंभ से पहले पंतद्वीप के विकास कार्य पूरे करने के निर्देश
मेलाधिकारी ने पंतद्वीप, कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप का किया निरीक्षण
हरिद्वार
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को पंतद्वीप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट बोर्ड (यूआईआईडीबी) की ओर से हरकी पैड़ी के उत्तरवर्ती क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति देखी।
मेलाधिकारी ने घाट निर्माण, पार्किंग, वॉक-वे, वेंडिंग जोन, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जरूरी काम कुंभ शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वेंडिंग जोन और वॉक-वे में लगे सैंडस्टोन व टाइलिंग की गुणवत्ता भी परखी गई। कमियां मिलने पर तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ में उमड़ने वाली भीड़ का सुव्यवस्थित संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वॉक-वे और आपस में जुड़े घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रहे और गंगा तटों की दूर से साफ दृश्यता बनी रहे, इसका ध्यान रखने को कहा। उन्होंने क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए प्रभावी इंतजाम करने के साथ पर्याप्त रोशनी और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कांगड़ा घाट व मालवीय द्वीप में सुरक्षा इंतजाम परखे
इसके बाद मेलाधिकारी ने कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप क्षेत्र में घाटों, पुलों और मार्गों का निरीक्षण किया। यहां भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था विकसित करने और घाटों पर रेलिंग, चेन जैसे सुरक्षा उपाय पुख्ता करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पहले से बने घाटों की मरम्मत और रखरखाव भी कुंभ की तैयारियों का अहम हिस्सा है।
गंग नहर की प्रस्तावित बंदी का लाभ उठाते हुए उन्होंने घाटों और पुलों के उन हिस्सों की मरम्मत व पेंटिंग तुरंत कराने को कहा, जो आमतौर पर पानी में डूबे रहते हैं। तटवर्ती भवनों और आश्रमों में भी फसाड योजना के अनुसार रंग-रोगन कराने को कहा गया, ताकि गंगा तट क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप मिल सके।
बताया गया कि यूआईआईडीबी हरकी पैड़ी-रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास और हरकी पैड़ी के उत्तरवर्ती क्षेत्र के विकास की परियोजनाएं संचालित कर रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से अहम इन परियोजनाओं की मेला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह और यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





गैरसैंण में एक वर्ष में दो विधानसभा सत्रों का आयोजन राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक : मुख्यमंत्री
अवैध मादक पदार्थो के साथ 01 महिला नशा तस्कर आयी दून पुलिस की गिरफ्त में
श्रीनगर से सड़क मार्ग से देहरादून लौटते हुए मुख्यमंत्री धामी ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण
सीएम धामी सड़क मार्ग से देहरादून जा रहे, सड़क मार्ग का कर रहे निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदिबद्री मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना