प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाए-मुख्यमंत्री

प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाए-मुख्यमंत्री
15 अक्टूबर के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से यात्रा कर स्वयं जायजा लेंगे
चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर
स्वाइन फ्लू सहित विभिन्न संक्रामक एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें-मुख्यमंत्री
देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण में तेजी लाने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अक्टूबर के बाद वह कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों का औचक निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और जिलों में आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुचारु रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया जाए तथा जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनसेवा और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू सहित संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारियों को अस्पतालों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल, सचिवगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।






हिंदी के साथ उत्तराखण्ड की लोकभाषाओं और साहित्य के संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री
चार वीर शहीदों की स्मृति में शहीद स्मारक एवं शहीद द्वार निर्माण को स्वीकृति
चंपावत से नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने भाजपा का दामन थामा
जिन जनपदों में जिस प्रकृति की शिकायतें अधिक, जिलाधिकारी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा कर कराएं शीघ्र समाधान
कलियर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
योग और मेडिटेशन कैंप का भव्य समापन