युवा कांग्रेस का लखनपुर चुंगी में ‘Call for Protest’ अभियान; कल रुद्रपुर में कलेक्टर कार्यालय घेराव की अपील

युवा कांग्रेस का लखनपुर चुंगी में ‘Call for Protest’ अभियान; कल रुद्रपुर में कलेक्टर कार्यालय घेराव की अपील
रामनगर (विमला अधिकारी)-
देश के विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में आज युवा कांग्रेस रामनगर द्वारा शहर के मुख्य चौराहा लखनपुर चुंगी में “Call for Protest” अभियान जोरदार ढंग से चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका सभासद सचिन कुमार आर्य ने भारतीय संविधान के प्रथम पृष्ठ (उद्देशिका/प्रस्तावना) का ससम्मान वाचन किया। संविधान के सिद्धांतों को दोहराते हुए उन्होंने लोकतंत्र, संविधान की मर्यादा और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा का स्पष्ट संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसे देश का युवा और आम नागरिक कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
रुद्रपुर में विशाल प्रदर्शन और कलेक्टर कार्यालय घेराव का आह्वान
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामनगर की आम जनता, व्यापारियों और विशेष रूप से युवाओं से एकजुट होने की अपील की। संगठन ने आह्वान किया कि कल सुबह 10 बजे रुद्रपुर स्थिति कलेक्टर कार्यालय में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में एक विशाल घेराव विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने जन-जन से अपील की कि वे तानाशाही रवैये और असंवैधानिक कार्रवाइयों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कल सुबह समय से रुद्रपुर पहुंचकर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
विरोध अभियान में प्रदेश महासचिव सुमित लोहनी, विधानसभा अध्यक्ष विकास कुमार, सभासद सचिन कुमार आर्य, पूर्व छात्रसंघ सचिव चेतन पंत समेत दीपक रावत, विजय बिष्ट और धीरज सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि लोकतंत्र और अपने नेताओं के सम्मान की रक्षा के लिए उनका संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।





आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था ने किया कोतवाली हर्षिल का निरीक्षण एवं स्थलीय भ्रमण
16 नवंबर को बंद होंगे श्री बदरीनाथ धाम के कपाट
सिमोग में दशहरा पर्व समारोह में शामिल हुए संस्कृति मंत्री महाराज
मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर किया हवन एवं कन्या पूजन
विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर एवं नक्षत्र वाटिका का होगा निर्माण
सीएम धामी के निर्देश पर 19 अक्टूबर को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश