ऋषिकेश
सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए हिमाद्रि फाउंडेशन द्वारा ऋषिकेश के जयराम आश्रम में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर का आयोजन एम्स ऋषिकेश और हिमालयन हॉस्पिटल की मेडिकल टीमों के तकनीकी सहयोग से किया गया।
पूरे दिन चले इस अभियान में कुल 146 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ऋषिकेश क्षेत्र में रक्त की कमी को दूर करना और आपातकालीन स्थिति में मरीजों की मदद करना है। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का एक बड़ा लक्ष्य युवाओं को सही दिशा दिखाना भी है। फाउंडेशन का मानना है कि रक्तदान जैसी मानवीय सेवा से जुड़कर युवा न केवल समाज में हीरो की भूमिका निभा सकते हैं, बल्कि नशे और शराब जैसी बुराइयों से भी दूर रह सकते हैं। रक्तदान न केवल जीवन बचाता है बल्कि यह युवाओं को अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाता है। उनका प्रयास है कि ऋषिकेश का युवा नशे की लत छोड़कर समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रहे।